दुर्गा पूजा को लेकर गोपालगंज पुलिस अलर्ट, अधिकारियों और जवानों की हुई ब्रीफिंग
मिंज स्टेडियम में पुलिस अधीक्षक ने दिए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के निर्देश
गोपालगंज । दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गोपालगंज जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के नेतृत्व में मिंज स्टेडियम में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की सामूहिक ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान सभी अधिकारियों और जवानों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और तत्परता के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने के साथ किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने पर बल दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करेंगे, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस की आम लोगों से अपील
गोपालगंज पुलिस ने दुर्गा पूजा के अवसर पर लोगों से शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट












