चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन-बंका मोड़ मुख्य मार्ग पर भुलौनी गांव के समीप स्थानीय पुलिस ने वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर गिरफ्तार युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा भुलौनी गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक को रोककर पुलिस ने वाहन के कागजात की मांग की। युवक द्वारा बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस को वाहन के संबंध में संदेह हुआ और बाइक को जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के दौरान बाइक चोरी की होने की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाने के एसआई छतीश प्रसाद सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।












