गोपालगंज में दिनदहाड़े युवक को गोली मारकर अपराधी फरार, बंजारी मोड़ पर मची अफरा-तफरी
बुलेट से जा रहे शैलेश यादव को बाइक सवार बदमाशों ने बनाया निशाना, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर; CCTV खंगाल रही पुलिस
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित सुमन हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कुकुरभूका गांव निवासी नागेंद्र यादव के 40 वर्षीय पुत्र शैलेश यादव उर्फ शैलेंद्र यादव बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बंजारी मोड़ के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही शैलेश यादव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
हथियार लहराते हुए फरार हुए हमलावर
दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से बंजारी मोड़ पर हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर, पटना/गोरखपुर रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस गोलीबारी के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।
फिलहाल युवक पर गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।












