गोपालगंज के युवक की भटनी में संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप
भटनी/गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी एक युवक की उत्तर प्रदेश के भटनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान आकाश कुमार यादव (20 वर्ष), पिता रामप्रवेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग और साजिश के तहत हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में मृतक के पिता ने राजकीय रेल थाना (जीआरपी) भटनी में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
नौकाविहार जाने की बात कहकर निकला था घर से
दिए गए आवेदन के अनुसार, आकाश कुमार यादव बीते 7 सितंबर 2026 की सुबह अपने घर से किसी मित्र के साथ गोरखपुर के नौकाविहार जाने की बात कहकर निकला था। शाम को करीब 7:00 बजे उसने अपने मोबाइल से घर पर बात की और बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ भटनी पहुंचने वाला है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो सका।
रेलवे लाइन पर मिला शव
परिजनों के अनुसार, उसी रात करीब 10:00 बजे भटनी जीआरपी पुलिस द्वारा सूचना मिली कि रेलवे ढाला से 100 मीटर पश्चिम रेलवे लाइन पर एक युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन आनन-फानन में भटनी पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया गया है।
संदिग्ध कॉल और प्रेम प्रसंग की आशंका
मृतक के पिता रामप्रवेश यादव ने आवेदन में बताया कि घटना की रात करीब 9:20 बजे उनकी बेटी (मृतक की बहन) के मोबाइल पर एक अज्ञात लड़की का फोन आया था। उस लड़की ने घबराई हुई आवाज में पूछा कि “क्या आकाश घर पहुंचा कि नहीं?” इसके बाद से वह मोबाइल नंबर भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। परिजनों को गहरा संदेह है कि प्रेम प्रसंग के चलते आकाश की साजिश के तहत हत्या की गई है और मामले को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया।
वैज्ञानिक अनुसंधान की मांग
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में आकाश द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक अन्य गोपनीय सिम कार्ड की जानकारी भी दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल लोकेशन और सीडीआर (CDR) की वैज्ञानिक जांच कराई जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके। सदमे में डूबे परिवार ने शव का दाह-संस्कार करने के बाद आज 20 सितंबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।












