गुंडा परेड में असामाजिक तत्वों को पुलिस की कड़ी चेतावनी, अपराध से दूर रहने का निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस ने जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर रविवार को गुंडा परेड का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर विश्वम्भरपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित परेड में सूचीबद्ध असामाजिक तत्वों को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस ने सभी संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने चेताया कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना है।












