गंडक नदी में मानव शव की सूचना से मचा हड़कंप, प्रशासन ने तत्काल भेजी जांच टीम
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: सदर प्रखंड अंतर्गत खाप मकसूदपुर के जनप्रतिनिधि द्वारा शुक्रवार तड़के गंडक नदी में नेपाल की ओर से बहकर मानव शव आने की सूचना दिए जाने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रशासन ने टीम गठित कर मौके पर भेजकर नदी के दियारा क्षेत्र में व्यापक जांच-पड़ताल कराई।
जांच टीम में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शहनवाज यूसुफजई, अंचलाधिकारी रजत वर्णवाल, जादोपुर थाना प्रभारी, आपदा मित्र सुधीर कुमार, एसडीआरएफ के तीन सदस्य एवं मेडिकल टीम शामिल थी। टीम ने जनप्रतिनिधियों के साथ नाव के माध्यम से दियारा क्षेत्र में पहुंचकर सूचना वाले स्थान सहित आसपास के इलाकों में सघन जांच की।
जांच के दौरान किसी भी मानव शव की बरामदगी नहीं हुई। हालांकि, नदी क्षेत्र में कुछ मृत मछलियां और पशुओं के शव पाए गए। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी गहनता से जांच की, लेकिन मानव शव मिलने की पुष्टि नहीं हुई।
मृत मछलियों के सेवन से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने नेपाल में आई बाढ़ के कारण गंडक नदी में बहकर आने वाली मृत मछलियों को देखते हुए आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंडक नदी के अपवाह क्षेत्र में नाव का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित है। लोगों से नदी में नाव नहीं चलाने की अपील की गई है।
साथ ही प्रशासन ने नदी में बहकर आने वाली अथवा मृत मछलियों का सेवन नहीं करने की भी अपील की है।
जिला प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आमजन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।












