गंडक के बढ़े जलस्तर के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 13 मेडिकल कैंपों में 2,490 मरीजों का उपचार
गोपालगंज में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं जारी, अब तक 72 मेडिकल कैंपों में 6,144 मरीजों का हुआ इलाज
गोपालगंज। गंडक नदी के बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। प्रभावित इलाकों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर मरीजों की जांच और उपचार किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज बैकुंठपुर, सिधवलिया, मांझा एवं गोपालगंज सदर प्रखंड में कुल 13 मेडिकल कैंप लगाए गए, जिनमें 2,490 मरीजों का उपचार किया गया। अब तक जिले में आयोजित 72 मेडिकल कैंपों के माध्यम से कुल 6,144 मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य शिविरों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, किशोरों, वृद्धों एवं वयस्कों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
त्वरित उपचार के लिए दो बोट एम्बुलेंस सक्रिय
प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दो बोट एम्बुलेंस सक्रिय रखी गई हैं। वहीं, जलजमाव वाले क्षेत्रों में संक्रमण एवं बीमारियों के प्रसार से बचाव के लिए नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इन पहलों का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना तथा संक्रमण से बचाव सुनिश्चित करना है।












