उचकागांव में हत्या के प्रयास मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन प्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार
गोपालगंज। उचकागांव थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास एवं मारपीट से जुड़े मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, उचकागांव थाना कांड संख्या-341/26, दिनांक 03 सितंबर 2026, में दर्ज मामले के प्राथमिक अभियुक्त मकेश शाह, पिता बर्मा शाह, निवासी मथौली खास, थाना उचकागांव को गिरफ्तार किया गया। वहीं उचकागांव थाना कांड संख्या-342/26 में नामजद प्राथमिक अभियुक्त सुधीर शाह एवं लालबाबू शाह, दोनों पिता काशी शाह, निवासी मथौली खास, को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में उपलब्ध मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच 03 सितंबर को पुनः मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट












