बरौली में “आपका विधायक, आपके द्वार” कार्यक्रम का हुआ शंखनाद: कल कोटवा से होगी शुरुआत।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बरौली: जन-जन की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से बरौली विधानसभा क्षेत्र में एक अभिनव पहल शुरू होने जा रही है। स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह के द्वारा “आपका विधायक, आपके द्वार” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ कल, यानी 26 दिसंबर 2025 से किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से बरौली के वर्तमान विधायक मंजीत सिंह स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर ही उनके निराकरण का प्रयास करेंगे।
कल का कार्यक्रम विवरण:-
कार्यक्रम के पहले दिन मंजीत सिंह बरौली नगर परिषद के विभिन्न वार्डों का दौरा करेंगे जो निम्न है.-
स्थान: कोटवा (बरौली नगर परिषद)
वार्ड संख्या: 2, 3, 4 और 5
समय: प्रातः 11:00 बजे से
जनता की समस्याओं का होगा ऑन-स्पॉट समाधान:-
बरौली विधायक मंजीत सिंह ने क्षेत्र की जनता को ‘देवतुल्य’ और ‘जनार्दन’ बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। वार्ड 2 से 5 के निवासी कल अपनी नागरिक समस्याओं, जैसे—सड़क, नाली, बिजली, राशन कार्ड या अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी बाधाओं को सीधे अपने जनप्रतिनिधि के समक्ष रख सकेंगे। ”लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है। उनके कष्टों को दूर करना और उनके सुझावों पर अमल करना ही हमारी प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ हम आपके द्वार आ रहे हैं।” — विधायक, बरौली, इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस पहल से बरौली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।












