गोपालगंज में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, जलती चिता से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जलाए जा रहे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को कटेया थाना क्षेत्र के डीह बगही गांव में ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि बलराम बीन की पत्नी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है और शव को जलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और कटेया थाना अध्यक्ष तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जलाए जाने की प्रक्रिया को तुरंत रुकवाया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी सूचित किया गया है, जो मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।










