अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की दर्दनाक मौत, सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला महम्मदपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सड़क दुर्घटना महम्मदपुर थाने के मझवलिया गांव के समीप घटित हुई। बताया जा रहा है कि मृत महिला सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय महम्मदपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और उस अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है जिसने इस हादसे को अंजाम दिया।












