गोपालगंज: बर्थडे पार्टी में हथियार चमकाना पड़ा भारी, पुलिस ने दो को दबोचा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट


गोपालगंज।। स्थानीय थाना क्षेत्र के कासिम समइल गांव में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हथियार का प्रदर्शन और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कासिम समइल गांव में चल रही एक बर्थडे पार्टी में कुछ युवक हथियार लहरा रहे हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम ने मुस्तौली और खेरटीया गांव के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार की गई है परमिंदर यादव (ग्राम- मुस्तौली), रौशन गुप्ता (ग्राम- खेरटीया)। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है जिसमे 01 देसी कट्टा, 01 मोटरसाइकिल (जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया की क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई से क्षेत्र के असमाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन युवकों के पास हथियार कहाँ से आया और इनका कोई आपराधिक इतिहास है या नहीं।










