पूर्व निर्धारित चनावे मे मेडिकल कॉलेज की मांग लेकर ग्रामीणों ने दी जन आंदोलन की चेतावनी
गोपालगंज।
स्थानीय प्रखंड के पंचायत लछवार अंतर्गत चनावे गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। वर्षों पूर्व की गई घोषणा के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शीघ्र मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग करते हुए जन आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि चनावे में मेडिकल कॉलेज का निर्माण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बताया गया कि चनावे जेल के पास स्थित सरकारी भूमि, जहां वर्तमान में कृषि फार्म का गोदाम है, को मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित किया गया था। निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा 26–27 एकड़ भूमि का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करते हुए आवश्यक कागजात सरकार को भेजे गए थे। मेडिकल कॉलेज के लिए अलग से रोड मैप भी तैयार किया गया, बावजूद इसके आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से चनावे गांव में ही मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की जोरदार मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों का सवाल है कि यदि कृषि विभाग की जमीन जेल के लिए दी जा सकती है, तो मेडिकल कॉलेज के लिए क्यों नहीं? इसी मुद्दे पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
इस मौके पर जिला पार्षद पति ओम प्रकाश राय, समाजवादी नेता संजय सिंह, पूर्व सरपंच दूधनाथ यादव, गुराज़ी यादव, किशुनी साह, रामाकांत मांझी, राजेंद्र पर्वत, लक्ष्मण पर्वत, जलेश्वर महतो, छबिला महतो, शारदा भारती, जगजीतन चौधरी, रामाशंकर महतो, रामजी साह, दुलारचन महतो, दरोगा महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग दोहराई।












