विजयीपुर का लाल चमका: बिहार बोर्ड में 9वां स्थान, 482 अंक लाकर बढ़ाया जिले का गौरव
विजयीपुर/गोपालगंज
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा परिणाम में विजयीपुर के मुसेहरी बाजार निवासी कृष्णा गुप्ता ने शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे बिहार में 9वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 482 अंक लाकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गोपालगंज जिले का नाम रोशन कर दिया।
कृष्णा, मांझा प्रखंड के हाई स्कूल धर्मपरसा के छात्र हैं। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय, गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूल के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने बताया कि कृष्णा शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है।
इस सफलता के पीछे उनकी मां का बड़ा योगदान रहा है, जो एक सरकारी शिक्षिका हैं। उन्होंने घर पर पढ़ाई का सकारात्मक माहौल बनाकर हर कदम पर कृष्णा का मार्गदर्शन किया।
कृष्णा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि
“नियमित पढ़ाई, अनुशासन और सही दिशा ही सफलता की कुंजी है।”
उनका सपना आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करना है।
परिणाम सामने आते ही मुसेहरी बाजार में जश्न का माहौल बन गया। कृष्णा के घर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।
विजयीपुर का यह होनहार बेटा आज पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।










