होली को लेकर विजयीपुर प्रशासन अलर्ट: बाजार में निकला फ्लैग मार्च, खुले में मांस बिक्री पर सख्त चेतावनी







विजयीपुर/गोपालगंज:
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से विजयीपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को विजयीपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए मुख्य बाजार तक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी रविशंकर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अंचल पदाधिकारी के साथ दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी व चौकीदार मौजूद रहे। पुलिस वाहनों के काफिले और जवानों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासनिक काफिला विजयीपुर माड़र पुल पहुंचा, जहां जाम की स्थिति को देखते हुए तत्काल जाम मुक्त कराने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान मर्डर बाजार में खुले में मांस-मछली बेच रहे विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी दी गई। अंचल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित स्थान, निर्धारित दर एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए ही बिक्री करें। खुले में बिक्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में आकर विवाद करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो तत्काल 112 नंबर पर सूचना दें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं की सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोपरि है। वहीं थाना प्रभारी ने साफ किया कि किसी भी असामाजिक तत्व को कुचला जाएगा और शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
विजयीपुर प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और लोगों में त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश गया है।










