गोपालगंज में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, युवक गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान अवैध हथियार से फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि 10 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक शादी समारोह के दौरान अवैध हथियार लहराते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी गंभीरता से जांच कर तत्काल सत्यापन कराया। जांच में वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सिपहखास गांव निवासी दीपक कुमार, पिता रामकिशोर सिंह के रूप में की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मांझागढ़ थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और सिपहखास गांव में छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो उसी के द्वारा अपने दोस्तों के साथ बनाया गया था और उसमें दिखाई दे रही फायरिंग भी उसी ने की थी। इस मामले में मांझागढ़ थाना कांड संख्या 107/26 दिनांक 10 मार्च 2026 दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
गोपालगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, हर्ष फायरिंग या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










