डबल मर्डर से हड़कंप: नहर में मिले दो अज्ञात शव, डीआईजी–एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सिवान | 13 दिसंबर 2025
सिवान जिले के जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पीपरा नहर पुल के पास पानी में डूबे दो अज्ञात शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया और उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही जी.बी. नगर थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया गया है।
👉 डीआईजी व एसपी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही पुलिस उप-महानिरीक्षक (सारण क्षेत्र), पुलिस अधीक्षक सिवान एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए संबंधित पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को नहर में फेंका गया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।











