थावे मंदिर चोरी कांड के आरोपी के घर छापेमारी, अष्टधातु की दो प्राचीन मूर्तियां बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थावे मंदिर में हुई चोरी की घटना की जांच कर रही पुलिस टीम ने रविवार को अरार क्षेत्र में मुख्य आरोपी शरीफ आलम के ठिकाने पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से अष्टधातु की दो बेशकीमती मूर्तियां बरामद की हैं।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बरामद की गई ये मूर्तियां थावे मंदिर की नहीं, बल्कि पड़ोसी जिले छपरा की बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच और सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि ये दोनों मूर्तियां करीब एक वर्ष पूर्व छपरा के एक मंदिर से चोरी हुई थीं। पुलिस अब उन पुराने मामलों की फाइलों को खंगाल रही है ताकि मूर्तियों की सही पहचान और उनके वास्तविक स्थान की पुष्टि की जा सके। बता दे की नगर थाना पुलिस थावे मंदिर में हुई हालिया चोरी के मामले में मुख्य आरोपी शरीफ आलम की तलाश में थी। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने उसके अरार स्थित घर पर दबिश दी, तो आरोपी तो हाथ नहीं लगा, लेकिन घर की तलाशी के दौरान छिपाकर रखी गई ये मूर्तियां मिल गईं।नगर थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद मूर्तियों को जब्त कर लिया गया है और उनकी ऐतिहासिक व बाजार मूल्य का आकलन किया जा रहा है। पुलिस की एक विशेष टीम फरार आरोपी शरीफ आलम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बरामद मूर्तियों के संबंध में छपरा पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” इस बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।












