पूजा पंडाल के समीप लगेगा उद्योग विभाग का स्टॉल ! दिखेगी बिहार की कला एवं परम्परा से जुड़े सामान !!
सीतामढ़ी (बिहार) उद्योग विभाग, बिहार, पटना इस बार दुर्गा पूजा के अवसर पर एक नई पहल कर रहा है। विभाग का मकसद है कि बिहार की संस्कृति, परम्परा एवं स्थानीय कला को लोगों तक पहुंचाया जाए तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को और मजबूत बनाया जाए।
दुर्गा पूजा में इस बार जिला के अलग-अलग पूजा पंडालों में उद्योग विभाग की ओर से स्टॉल लगाये जायेंगे। इन स्टॉलों में बिहार और भारत की विरासत से जुड़े हैण्डमेड (हस्तनिर्मित) प्रोडक्ट्स और परंपरागत सामान प्रदर्शित किये जायेंगे। इससे न सिर्फ लोगों को अपनी संस्कृति के बारे में जानकारी मिलेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला उद्योग केन्द्र, सीतामढ़ी के महाप्रबंधक सुश्री प्रिया भारती ने बताया कि उद्योग विभाग, बिहार, पटना के निदेश के आलोक में प्रत्येक जिले में यह प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी। इन्होंने बताया कि पंडालों में बिहार और भारतीयता की विरासत एवं परम्परा के प्रदर्शनी के आधार पर तीन सर्वश्रेष्ठ पंडालों को पुरस्कार भी दिया जायेगा। प्रथम पुरस्कार रु0 25,000/-, द्वितीय पुरस्कार रु० 15,000/- एवं तृतीय पुरस्कार रु0 5,000/- रहेगा। इन्होंने यह भी कहा कि सभी पूजा समितियों से अधिक-से-अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जायेगा, ताकि ज्यादा-से-ज्यादा लोग इस अभियान का हिस्सा बन सकें। इस योजना से लोगों के सामने बिहार की स्मृति, संस्कृति और परम्परा को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। सीतामढ़ी जिला में शांतिनगर, पुनौराधाम मंदिर परिसर एवं स्टेशन परिसर पुपरी, समेत तीन प्रमुख स्थानों पर स्टॉल लगाये जायेंगे। यहाँ पर उद्योग विभाग की ओर से हैंडमेड सामानों की प्रदर्शनी की जायेगी। विभागीय पदाधिकारी इस पहल को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभांएगे । यह पहल न केवल त्योहारों की रौनक बढ़ायेगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को भी नई पहचान दिलायेगी।











