5 लाख की रंगदारी मांगने वाला शातिर गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव रिपोर्ट






गोपालगंज: जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। व्यवसायी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 7 फरवरी 2026 को थावे थाना क्षेत्र के एक व्यवसायी के मोबाइल पर कॉल कर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। साथ ही तीन दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थावे थाना में कांड संख्या 29/26, दिनांक 08.02.2026 दर्ज किया गया और संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान टीम का गठन कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। अनुसंधान के क्रम में प्रकाश सिंह उर्फ सत्यप्रकाश सिंह, निवासी धतिवना, थाना थावे, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि रंगदारी मांगने वाले गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827299 पर दें। वर्तमान में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
(रिपोर्ट: गोपालगंज संवाददाता)










