बाहुआर गांव में घर की छत के ढलाई के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की निर्मम मौत से परिजनों में मचा कोहरा
बड़हरिया से परमानंद पांडे की रिपोर्ट
बड़हरिया थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में घर के छत के ढलाई के दौरान करेंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद घटना स्थल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई। मजदूर की दर्दनाक मौत की खबर मृतक के परिजनों को मिलते ही घर मातम पसर गया और गांव में कोहराम मच गया। मृतक मजदूर के पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में एक घर की छत की ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ढलाई में काम कर रहे एक मजदूर मशीन के संपर्क में आ गया और करंट लगते हीं मजदूर अचेत होकर जमीन में नीचे गिर पड़ा। ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में मजदूर को सिवान सदर अस्पताल में ईलाज हेतु लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिवान जिला के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी स्वर्गीय राधा किशन चौरसिया के 30 वर्षीय पुत्र नागेंद्र चौरसिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक नागेंद्र चौरसिया अपने परिवार का एक मात्र कमाऊ व्यक्ति था। नागेन्द्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक मजदूर की मौत हो जाने के बावजूद मकान मालिक और ठेकेदार ने छत ढलाई का कार्य जारी रखा था जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण नागेन्द्र की मौत हुई है। मृतक के परिजनों ने जिलाधिकारी और एसपी साहब से लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उचित मुआवजा आपदा राहत योजना से दिलवाने की मांग किया है। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन से मृतक के पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। बहरहाल जीबी नगर तरवारा थाना पुलिस फिलहाल मजदूर की मौत के मामले की जांच में जुटी गई है। ग्रामीणों की माने तो पुलिस के डर से ठीकेदार फरार हो गया है।












