बांदा में क्रांतिवीर पंडित गोपीनाथ दनादन की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को किया याद
बांदा। जिला कांग्रेस कमेटी के स्टेशन रोड स्थित कार्यालय में शुक्रवार को क्रांतिवीर पंडित गोपीनाथ दनादन जी की जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने की। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंडित गोपीनाथ दनादन, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान नेताओं के निकट सहयोगी रहे। उन्होंने बताया कि पंडित दनादन गांधीवादी विचारधारा के सच्चे अनुयायी थे और देश की आजादी के लिए कई बार जेल भी गए। उनके घर पर देश के कई बड़े क्रांतिकारी रुककर स्वतंत्रता संग्राम की योजनाएं बनाते थे।
उन्होंने आगे कहा कि चंद्रशेखर आजाद द्वारा निम्नी नाले के किनारे प्रागी मंदिर के तहखाने में युवाओं को शस्त्र प्रशिक्षण दिए जाने की ऐतिहासिक घटनाएं आज भी जिले के लिए गौरव की बात हैं। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा।
इस मौके पर कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. संजय द्विवेदी दनादन ने भी पंडित गोपीनाथ दनादन के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए और बताया कि उन्होंने देशभर की यात्राएं कर युवाओं में देशभक्ति का संदेश फैलाया था।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, कार्यालय प्रभारी शिवबली सिंह, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी, जिला सचिव बाबूराम यादव, जितेन्द्र गौरव, अंबिका प्रसाद खेंगर, संतोष कुमार द्विवेदी, धीरेन्द्र पांडेय धीरू, शब्बीर सौदागर, सुखदेव गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने क्रांतिकारी पंडित गोपीनाथ दनादन के बताए मार्ग पर चलने और देशहित में काम करने का संकल्प लिया।










