गोपालगंज: मॉडल सदर अस्पताल परिसर में बाइक चोरों का आतंक, लगातार दूसरी वारदात से लोगों में आक्रोश
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: शहर के मॉडल सदर अस्पताल परिसर में बाइक चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अस्पताल में मेडिकल जांच कराने आए एक व्यक्ति की बाइक चोरों ने अस्पताल परिसर से ही चोरी कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित अपनी जांच कराने के लिए अस्पताल आया था और परिसर में बाइक खड़ी कर अंदर चला गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर चोर बाइक लेकर फरार हो गए। जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक गायब थी।
हैरानी की बात यह है कि ठीक एक दिन पहले भी इसी स्थान से एक मरीज के परिजन की बाइक चोरी हो गई थी। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से लोगों में भारी आक्रोश है और अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।










