बरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी गोपालगंज ने बरौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एडीएम गोपालगंज, उप विकास आयुक्त गोपालगंज, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी बरौली, चिकित्साधिकारी बरौली सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष, दवा भंडार, लैब एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सीय सेवाओं की जानकारी ली। कुछ बिंदुओं पर पाई गई कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों में सतर्कता बढ़ी है और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।












