सीबीएसई आर्यभट्ट गणित प्रतियोगिता 2025 में प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विद्यालय के द्वारा किया गया सम्मानित
कटेया/गोपालगंज

प्रतिभाओं के लिए बेहतर प्रदर्शन पर सम्मान उतना हीं आवश्यक है जितना पेड़ पौधों के लिए समय समय पर खाद और पानी, इसके अभाव में प्रतिभाएं कुंठित हो जाती हैं और पेड़ पौधे सूख जाते हैं. ये बातें मुक्तिधाम सेवा संस्थान द्वारा संचालित आर्या पब्लिक स्कूल प्रसिद्धनाथ में आयोजित छात्रों के सम्मान समारोह में कटेया थानाध्यक्ष के प्रतिनिधि एवं बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अवर पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र तिवारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहीं. बता दें कि सीबीएसई द्वारा आयोजित आर्यभट्ट गणित चैलेंज 2025 में आर्या पब्लिक स्कूल प्रसिद्धनाथ के दो छात्रों मित्तल गुप्ता एवं शिवम प्रजापति ने राज्य स्तर पर क्रमशः 18 एवं 19वाँ स्थान प्राप्त किया था. छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के द्वारा उन्हें मेडल एवं सीबीएसई द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया इस अवसर पर विद्यालय के परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए एवं सभी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया. मेडल पाकर छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी. कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत अवर पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र तिवारी द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्ज्वलित कर की गई. जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन की तरफ से सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया. छात्र एवं छात्राओं को संबोधित करने के क्रम में श्री तिवारी ने स्कूल आने जाने के क्रम में शोहदों या मनचलों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत तत्काल थाने में करने को कहा, उन्होंने यह वादा भी किया कि शिकायतकर्ता की गोपनीयता को बरकरार रखते हुए त्वरित एवं उचित कार्रवाई की जाएगी जिससे बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आए. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों, छात्र – छात्राओं, अभिभावकों के साथ साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए.












