गोपालगंज पुलिस का सख्त एक्शन: 24 घंटे में दर्जनभर आरोपी गिरफ्तार, अपराधियों में हड़कंप
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 24 घंटे के भीतर विभिन्न थाना क्षेत्रों से कई मामलों के दर्जनभर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पुलिस की सख्ती साफ झलकती है।
पुलिस के अनुसार हत्या के प्रयास, मारपीट, शराब सेवन, आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम सहित गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अभियुक्तों को अलग-अलग छापेमारी कर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मीरगंज, बैकुंठपुर, मांझा, उचकागांव, विजयीपुर, श्रीपुर, कटेया, थावे सहित कई थाना क्षेत्रों के अपराधी शामिल हैं।
एसपी कार्यालय से जारी जानकारी में बताया गया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गोपालगंज पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल बना है।












