महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सारण पुलिस की विशेष पहल
वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के सार्थक निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों द्वारा छात्राओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी, त्वरित सहायता हेतु गठित “अभया ब्रिगेड” तथा पुलिस से संपर्क के प्रभावी माध्यमों के बारे में अवगत कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त वरीय पुलिस अधीक्षक सारण द्वारा महिला सशक्तिकरण को समर्पित “आवाज़ दो” अभियान को भी पूरे जिले में सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, उपलब्ध कानूनी सहायता तथा पुलिस की त्वरित सेवाओं से जोड़ना है ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
सभी थानों पर संचालित महिला हेल्प डेस्क महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए सतत कार्यरत हैं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता हेतु डायल 112 की सुविधा 24×7 उपलब्ध है, जिसके माध्यम से पीड़ित तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसकी भी जानकारी भी उपस्थित छात्रों को दी गई है।
सारण पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है और ऐसे सभी अभियानों को निरंतर प्रभावी एवं परिणामदायी बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।












