एसपी विनय तिवारी ने किया हथुआ अनुमंडल पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के निपटारे का दिया निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय तिवारी ने मंगलवार को हथुआ अनुमंडल पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और अभिलेखों के रख-रखाव को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय में संधारित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों और पंजियों का गहन अवलोकन किया।उन्होंने फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव और डेटा अपडेशन की स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की मजबूती के लिए कागजी कार्रवाई में स्पष्टता और पारदर्शिता अनिवार्य है।बैठक के दौरान एसपी विनय तिवारी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित निपटारा किया जाए ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके। पुलिस की कार्यशैली ऐसी हो जिससे आम जनता में विश्वास बढ़े और व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहे। सभी पंजियों को अपडेट रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के समय हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ अनुमंडल के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और कार्यालय कर्मी भी उपस्थित थे। एसपी ने सभी अधिकारियों को उनके कार्य क्षेत्र में मुस्तैदी और ईमानदारी से ड्यूटी करने की नसीहत दी।










