टाईब्रेकर में रांची को 4-3 से हराकर सीवान ने जमाया कप पर कब्जा.
ऑल इंडिया बच्चा राय उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 की ट्रॉफी गई सीवान




कोरेयां फील्ड में चल रहे ऑल इंडिया बच्चा राय उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का साक्षी बनने के लिए दस हजार से अधिक लोग उमड़ पड़े. जहां सीवान ने रांची को टाईब्रेकर में 4-3 से हरा कर ट्रॉफी को अपने नाम किया. मैच के पहले स्टार गायक नागेन्द्र उजाला, लोक गायिका खुशबू राज, कॉमेडियन सुनील यादव एवं स्नेकमैन कुंवर दीप सम्राट उर्फ दीपू शुक्ला ने अपनी अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया. मुकाबले की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथि एमएलसी राजीव कुमार तिवारी उर्फ गप्पू शाही, सदर विधायक सुबाष सिंह, पूर्व मंत्री एवं हथुआ विधायक रामसेवक सिंह कुशवाहा, गोरेयाकोठी विधायक देवेशकान्त सिंह एवं पूर्व विधायक किरण राय ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त कर, गेंद को सांकेतिक रूप से किक मार कर एवं स्व. बच्चा राय तथा स्व. उपेन्द्र राय के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया.
खेल शुरू होनें के बाद दोनों हीं टीमों में गेंद पर पकड़ बनाए रखने के लिए जबरदस्त प्रयास किए. खेल के 25वें मिनट पर रांची झारखंड की टीम की तरफ से 10 नंबर की जर्सी में खेल रहे क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच अमित बक्सला ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. जो कि हाफ टाइम तक बरकरार रही. हाफ टाइम के बाद भी दोनों में से किसी भी टीम ने दूसरे को खेल पर हावी होने का मौका नहीं दिया. हालांकि एक विवादास्पद ऑफ साइड के फैसले के बाद खेल के आखिरी पलों में सीवान के बैकवर्ड पोजीशन के खिलाड़ी की शानदार किक का बचाव करते हुए रांची के खिलाड़ियों नें गलती से सीवान को कॉर्नर किक दे दिया. जिसका भरपूर लाभ उठाते हुए सीवान की टीम से जर्सी नंबर 03 के विदेशी खिलाड़ी केन ने गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा कर खेल को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया.
निर्धारित समय की समाप्ति पर दोनों हीं टीमें 1-1 की बराबरी पर खड़ी थीं. जिसके बाद निर्णायक मंडल नें 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया लेकिन अतिरिक्त समय में दोनों हीं टीमें कोई भी गोल कर पाने में नाकामयाब रहीं. जिसके बाद मुकाबले का परिणाम टाईब्रेकर के जरिए निकालने का फैसला किया गया. जहां सीवान की टीम की तरफ से जर्सी नंबर 13, 16, 10 और 02 के खिलाड़ी क्रमशः अर्पित, हानिस, डॉनली एवं मदन ने अपनी टीम की तरफ से गोल किए जबकि रांची की टीम की तरफ से जर्सी नंबर 05, 07 और 04 में खेल रहे खिलाड़ी क्रमशः अर्जुन महतो, ओरविन पुर्ती और मेहता मुंदरी हीं गोल कर पाए. इस प्रकार से सीवान ने रांची को टाईब्रेकर में 4-3 से हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया. सीवान की जीत के बाद दर्शकों ने खिलाड़ियों को कंधे पर उठाकर उनका अभिवादन भी किया एवं मैदान में भी देर तक पटाखे फूटते नजर आए. सीवान की टीम की तरफ से टाईब्रेकर में दो महत्वपूर्ण गोल बचाने वाले गोलकीपर एवं कप्तान रामसिंह को प्लेयर ऑफ द मैच के रूप में अंजन पुरस्कार तो वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 06 गोल करने वाले रांची की टीम के खिलाड़ी अमित बक्सला को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब एवं सुरेन्द्र साईकिल स्टोर कटेया की तरफ से एवन रेंजर साईकिल दी गई. उल्लेखनीय है कि रांची की टीम से जर्सी नंबर 13, 07 और 15 में खेल रहे खिलाड़ियों राम, ओरविन पुत्री एवं रैली ओरांव को क्रमशः खेल के 34वें, 67वें एवं 80वें मिनट पर तो वहीं सीवान की टीम से खेल रहे दोनों विदेशी खिलाड़ियों जर्सी नंबर 12 में इद्रीस एवं जर्सी नंबर 03 में केन को क्रमशः खेल के 50वें एवं 86वें मिनट पर येलो कार्ड दिखाया गया.
फाइनल मुकाबले का लुत्फ उठाने के लिए जिला परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार दीपू, रविप्रकाश मणि त्रिपाठी, आशुतोष द्विवेदी, टीएन राय, जयप्रकाश द्विवेदी, अशोक पाठक, परमात्मा सिंह, बलराम सिंह, हरेन्द्र तिवारी, रामाश्रय यादव, परड़िया पंचायत के मुखिया विवेक कुमार श्रीवास्तव बंटी, करकटहां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कमलेश भारती, बीडीसी श्रवण यादव, अनूप मिश्र उर्फ अजगर बाबा, अवधेश दूबे, कोरेयां पंचायत के मुखिया सुनील कुमार उर्फ टन्नू राय, नगर पंचायत कटेया के चेयरमैन राजेश कुमार उर्फ डल्लू राय, जिलापरिषद अध्यक्ष गोपालगंज अमित कुमार राय उर्फ अंकू राय, पूर्व जिप सदस्य नीरज कुमार राय उर्फ मुकुल राय सहित हजारों की तादाद मे स्थानीय दर्शक मौजूद रहे.
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन की तरफ से आए रेफरी मनीष कुमार, दिनेश कुमार गुप्ता, विशाल कुमार एवं राहुल कुमार तथा रेफरी ऑब्जर्वर धर्मनाथ यादव ने भी एक स्तरीय एवं निष्पक्ष मुकाबला कराने में अपना सराहनीय योगदान दिया.










