सीतामढ़ी: नियमों को ताक पर रख पुलिस वाहन पर ‘रील’बाजी, डीएम रिची पांडेय ने दिए कड़े कार्रवाई के आदेश।
अखंड भारत से आशिष रंजन श्रीवास्तव की खास रिपोर्ट
सीतामढ़ी।। जिले में नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) के निरीक्षण के लिए आरक्षित वाहन का एक रील क्रिएटर द्वारा दुरुपयोग करने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। सरकारी ड्यूटी में तैनात इस विशेष वाहन के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन की जमकर किरकिरी हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान डीएम और एसपी के लिए एक विशेष वाहन को आरक्षित (Reserved) रखा गया था। नियमत: इस वाहन का उपयोग केवल सुरक्षा और आधिकारिक प्रोटोकॉल के लिए किया जाना था। लेकिन, सुरक्षा व्यवस्था में चूक का लाभ उठाते हुए एक रील क्रिएटर न केवल वाहन के करीब पहुँचा, बल्कि उस पर सवार होकर जमकर फोटो खिंचवाई और वीडियो बनवाए। जैसे ही ये तस्वीरें और रील सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की सजगता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों का कहना है कि जिस वाहन पर जिले के आला अधिकारी सवार होते हैं, वहाँ तक एक बाहरी व्यक्ति का पहुँचना सुरक्षा में बड़ी सेंध है।मामला चर्चा में आते ही सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने इसे गंभीरता से लिया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति और पद की गरिमा के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि आखिर किसकी अनुमति से रील क्रिएटर वाहन तक पहुँचा।जिलाधिकारी ने कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल सरकारी वाहन के दुरुपयोग का मामला है, बल्कि यह वीवीआईपी (VVIP) प्रोटोकॉल के उल्लंघन को भी दर्शाता है। आम जनता में इस बात को लेकर चर्चा है कि अगर सार्वजनिक समारोह में आरक्षित वाहनों तक कोई भी पहुँच सकता है, तो सुरक्षा के पुख्ता दावों का क्या?












