आधार कार्ड बनवाने गई ननद-भौजाई लापता, दो के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज
कटेया, गोपालगंज।
कटेया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आधार कार्ड बनवाने गई ननद-भौजाई रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पत्नी और उसकी 17 वर्षीय बहन दिन के करीब 12 बजे आधार कार्ड बनवाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, मगर दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
थक-हारकर पीड़ित ने कटेया थाना में आवेदन देकर दो व्यक्तियों पर संदेह जताते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच में जुट गई है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही लापता दोनों महिलाओं का पता लगा लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।












