आगरा में सजी कैमरों की दुनिया, अवधि फिल्म “नाच नचाए ज़िन्दगी” की शूटिंग जोरों पर


फ़िल्मीसमाचार ll उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक शहर आगरा में इन दिनों फिल्मी रौनक देखते ही बन रही है। वन्याद्रिका मीडिया एण्ड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही अवधि फीचर फिल्म “नाच नचाए ज़िन्दगी” की शूटिंग 29 जनवरी से लगातार जारी है। आगरा की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्म की टीम दिन-रात मेहनत करती नजर आ रही है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के निर्माता मोहित त्यागी और निर्देशक शिवम त्रिपाठी हैं, जो अवधि सिनेमा को एक नई ऊंचाई देने का प्रयास कर रहे हैं। फिल्म में दर्शकों को एक सशक्त कहानी के साथ-साथ दमदार अभिनय भी देखने को मिलेगा। फिल्म की मुख्य भूमिकाओं में अनिल कृष्णा, रूपा मिश्रा, सोनाली मिश्रा, संजय वर्मा, साहब लाल और रूपेश मिश्रा जैसे अनुभवी कलाकार नजर आएंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेता अनिल कृष्णा ने कहा,“इस फिल्म में मुझे अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार मिला है। मैं पूरी ईमानदारी और मेहनत से इसे निभाने की कोशिश कर रहा हूं।”शूटिंग के दौरान उनके अभिनय कौशल को देखकर यह साफ महसूस हुआ कि अनिल कृष्णा आने वाले समय में सिनेमा के उभरते सितारे के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं।फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। निर्देशन में संजय तिवारी, सिनेमैटोग्राफी (DOP) विजय आर पाण्डेय, संगीत रवि प्रकाश द्विवेदी, कला निर्देशन पवन शर्मा और सहायक निर्देशक के रूप में विशाल शर्मा तथा अंबुज बघेल उर्फ चिंगडू फिल्म को बेहतरीन रूप देने में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर, “नाच नचाए ज़िन्दगी” न सिर्फ अवधि भाषा के दर्शकों के लिए बल्कि सिनेमा प्रेमियों के लिए भी एक खास अनुभव बनने जा रही है। आगरा की धरती पर चल रही इस फिल्म की शूटिंग ने स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह भर दिया है।
फ़िल्मी समाचार रिपोर्ट ( संजय तिवारी )












