नरक बनी सड़कें, नाले के ओवरफ्लो से राहगीर परेशान, प्रशासन मौन।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की ख़ास रिपोर्ट
गोपालगंज ।। जिले के मांझागढ प्रखण्ड के अंतर्गत आने वाले मांझा पूर्वी पंचायत के लंगटूहाता मे सड़कों पर इन दिनों चलना दूभर हो गया है। नालों की सफाई न होने और ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ने के कारण नाले का गंदा पानी सड़कों पर सैलाब की तरह बह रहा है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय निवासियों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है। सड़कों पर पिछले कई दिनों से नाले का पानी जमा है। स्थिति इतनी बदतर है कि लोगों को बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बीमारियों का बढ़ा खतरा:-
सड़कों पर जमा यह स्थिर पानी मच्छरों और बैक्टीरिया का केंद्र बन गया है। यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं की गई, तो इलाके में डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति सबसे अधिक घातक साबित हो रही है।हैरानी की बात यह है कि सरकार द्वारा पंचायतो मे हर साल नालों को बनाने और उनकी सफाई पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।












