गोपालगंज में रसोई गैस की किल्लत पर राजद का हंगामा, रोजेदारों की परेशानी को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
गोपालगंज ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: पवित्र रमजान के महीने में जिले में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पदाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम राजेश्वरी पांडेय से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
राजद के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि रमजान के पाक महीने में रोजेदारों को सहरी और इफ्तार के समय भोजन तैयार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिले की कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं है या फिर काफी देर से आपूर्ति हो रही है। स्थिति यह है कि लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए 10 से 12 घंटे तक लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के कारण आम लोगों के साथ-साथ रोजेदारों की परेशानी और भी बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।
राजद नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की कि रमजान के दौरान रसोई गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि रोजेदारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर राजद के प्रधान महासचिव इम्तेयाज़ अली भुट्टो सहित अन्य कार्यकर्ता भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।










