अंबेडकर जयंती और तेजस्वी यादव के सम्मान समारोह को लेकर राजद की बड़ी तैयारी, गोपालगंज से हजारों कार्यकर्ता करेंगे कूच।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के उपलक्ष्य में राजद ने कमर कस ली है। आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रखंड अध्यक्षों और प्रधान महासचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें जिले से भारी जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने भाजपा और सत्ताधारी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा की आज सत्ता में बैठे लोग बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। सच तो यह है कि वे उनके द्वारा दिखाए गए समानता और न्याय के मार्ग से कोसों दूर हैं। हमें दिखावे की नहीं, बल्कि उनके विचारों को धरातल पर उतारने की जरूरत है। 14 अप्रैल को पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में भव्य अंबेडकर जयंती समारोह आयोजित होगा।गोपालगंज जिले से 1000 सक्रिय कार्यकर्ता इस समारोह में भाग लेने के लिए पटना रवाना होंगे।
पार्टी के प्रधान महासचिव इम्तेयाज अली भुट्टो ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी 11 अप्रैल के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की खुशी में 11 अप्रैल को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में अल्पसंख्यक समुदाय द्वारा एक विशाल सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए गोपालगंज से हजारों अल्पसंख्यक भाइयों का काफिला पटना की ओर कूच करेगा। संगठन को मजबूती देने और रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए इस बैठक में जिले के दिग्गज नेता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से सुरेश प्रसाद यादव (प्रखंड अध्यक्ष, बरौली), धर्मेंद्र मांझी (प्रखंड अध्यक्ष, विजयीपुर), रंजीत यादव (प्रखंड अध्यक्ष, थावे), राजकिशोर यादव (प्रखंड अध्यक्ष, हथुआ), संतोष यादव (प्रखंड अध्यक्ष, पंचदेवरी), प्रदीप कुमार साधु, ओम प्रकाश गुप्ता एवं रवि गुप्ता शामिल थे।
राजद की इस सक्रियता ने जिले के राजनीतिक तापमान को बढ़ा दिया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि ये दोनों कार्यक्रम आगामी चुनावों के लिए पार्टी की एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनेंगे।












