अवैध तरीके से 440 वोल्ट बिजली सप्लाई, हादसे का खतरा बढ़ा
भोरे/गोपालगंज
भोरे थाना क्षेत्र के खदही उत्तर टोला में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बकाइन के पेड़ पर काटी ठोककर 440 वोल्ट के मेन लाइन से अवैध तरीके से बिजली जोड़कर सर्विस तार के माध्यम से घरों में सप्लाई दी जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह खतरनाक बिजली सप्लाई करीब एक साल से अधिक समय से चल रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस पोल के सहारे लाइन होनी चाहिए थी, वह काफी पहले ही टूट चुका है, लेकिन अब तक बिजली विभाग ने इसकी मरम्मत या नया पोल लगाने की जहमत नहीं उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ के सहारे सीधे मेन लाइन से बिजली लेने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बरसात या आंधी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बना हुआ है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या पर आंख मूंदे बैठा है और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर अवैध कनेक्शन हटाने, नया पोल लगाने और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।












