पत्नी का अपहरण कर फरार हुआ रिश्तेदार, पति ने दर्ज कराई एफआईआर गांव में सनसनी
गोपालगंज: जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार पर पत्नी के अपहरण का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित पति के अनुसार, वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी युवक, जो रिश्ते में परिचित है, पहले से ही उसकी पत्नी के संपर्क में था। बीते 6 अप्रैल की रात आरोपी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद से महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
एफआईआर में पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उसकी पत्नी से बातचीत करता था, जिसको लेकर परिवार में विवाद भी हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से महिला को अपने साथ भगाया है।
पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर पत्नी की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही महिला को बरामद कर लिया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।










