फाइनल में सीवान से टकराने के लिए भिड़ेंगी रांची और कुशीनगर पहले सेमीफाइनल में यूनाइटेड सीवान ने माँ कामख्या क्लब बक्सर को 5-1 से हराया

कोरेयां फील्ड में चल रहे ऑल इंडिया बच्चा राय उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में आज पहले सेमीफाइनल मुकाबले में माँ कामख्या क्लब बक्सर एवं यूनाइटेड सीवान की टीमें आमने सामने थीं जहां सीवान ने बक्सर को 5-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई. सीवान की तरफ से जर्सी नंबर 10 में खेल रहे विदेशी खिलाड़ी डैनली ने 24 वें मिनट पर मिली पेनाल्टी किक को गोल में तब्दील किया और अपनी टीम को बढ़त दिलाई जिसके बाद जर्सी नंबर 11 के खिलाड़ी भरत ने 37वें और जर्सी नंबर 18 के खिलाड़ी संगम नें 44वें मिनट पर गोल दागकर सीवान की बढ़त को 3-0 कर दिया. हाफ टाइम के बाद जब खेल दुबारा शुरू हुआ तब डैनली नें फिर 47 वें मिनट पर गोल दागकर सीवान की बढ़त को 4-0 पर पहुंचा दिया. बक्सर टीम की तरफ से जर्सी नंबर 10 में खेल रहे विदेशी खिलाड़ी यान्निक ने 86वें मिनट पर मिली पेनाल्टी किक को गोल में जरूर तब्दील किया लेकिन तबतक मैच का परिणाम लगभग तय हो चुका था. आखिरी पलों में सीवान की तरफ से डैनली नें 90वें मिनट पर मिली पेनाल्टी किक को फिर से गोल में तब्दील कर बक्सर की ताबूत में आखिरी कील भी ठोक दी.
इससे पूर्व मुकाबले का उद्घाटन राजद जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहन गुप्ता, पूर्व विधायक किरण राय ने खिलाड़ियो से हाथ मिला कर, परिचय प्राप्त कर, गेंद को सांकेतिक रूप से किक मार कर एवं स्व. बच्चा राय तथा स्व. उपेन्द्र राय के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया.
बता दें कि मैच के दौरान बक्सर की टीम के पास गोल करने के कई मौके मिले लेकिन बक्सर के खिलाड़ी गोल कर पाने में नाकामयाब रहे. हालांकि अपने खेल की वजह से उन्हें दर्शकों का भरपूर समर्थन भी मिला. दर्शकों एवं अतिथियों ने बक्सर की तरफ से गोल होनें पर पुरस्कारों की झड़ी लगा दी. मैच के दौरान बक्सर की टीम के जर्सी नंबर 21 के खिलाड़ी मनोज को 34वें मिनट येलो कार्ड दिखाया गया. वहीं सीवान यूनाइटेड की तरफ से तीनों विदेशी खिलाड़ियों जर्सी नंबर 12 के इद्रीस को 76वें मिनट पर डैनली को 77वें मिनट पर एवं जर्सी नंबर 03 के खिलाड़ी केन को 86वें मिनट पर येलो कार्ड दिखाया गया. सीवान यूनाइटेड की तरफ से सर्वाधिक तीन गोल करने वाले खिलाड़ी डैनली को प्लेयर ऑफ द मैच के रूप में अंजन पुरस्कार दिया गया. इसी के साथ सीवान यूनाइटेड की टीम ऑल इंडिया बच्चा राय उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच शुक्रवार को रांची झारखंड एवं कुशीनगर कंक्रीट के बीच खेला जाएगा.
मैच का लुत्फ उठाने के लिए पंचदेवरी प्रखंड के पूर्व प्रमुख परमात्मा सिंह, बलराम सिंह, हरेन्द्र तिवारी, सरपंच प्रतिनिधि अशोक पाठक, रामाश्रय यादव, कवि संजय मिश्र संजय, राजद प्रखंड अध्यक्ष कटेया अरविंद यादव, परड़िया पंचायत के मुखिया विवेक कुमार श्रीवास्तव बंटी, करकटहां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कमलेश भारती, जयप्रकाश द्विवेदी, अनूप मिश्र, टीएन राय, अवधेश दूबे, कोरेयां पंचायत के मुखिया सुनील कुमार उर्फ टन्नू राय, नगर पंचायत कटेया के चेयरमैन राजेश कुमार उर्फ डल्लू राय, जिलापरिषद अध्यक्ष गोपालगंज अमित कुमार राय उर्फ अंकू राय, पूर्व जिप सदस्य नीरज कुमार राय उर्फ मुकुल राय सहित हजारों की तादाद मे स्थानीय दर्शक मौजूद रहे. ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन की तरफ से आए रेफरी विशाल कुमार, राहुल कुमार, दिनेश कुमार एवं मनीष कुमार तथा मैच ऑब्जर्वर धर्मनाथ यादव नें निष्पक्ष एवं स्तरीय मुकाबला कराने में अपना सराहनीय योगदान दिया.










