नौतन में तैयार गेहूं की फसल पर बारिश का कहर, किसानों की मेहनत बर्बाद
नौतन।
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र में गेहूं की तैयार फसल की कटाई के बीच अचानक मौसम ने करवट ली और किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है। विगत 10 दिनों से किसानों ने फसल कटाई के लिए दिन-रात एक कर दिया है। लेकिन बुधवार को सुबह में अचानक मौसम बदला रुक-रुक कर बारिश होने लगी। इस बारिश ने खेतों में खड़ी फसल को कम, लेकिन कटी हुई फ़सल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर रही है। किसानों के अनुसार, गेहूं की बालियां पूरी तरह पक चुकी थीं और कटाई का काम तेजी से चल रहा था। कई किसानों ने फसल काटकर खेत में ही दवनी के लिए रख रखी थी। अचानक हुई बारिश से कटी हुई फसल पानी में भीगने लगी है। बालियों में नमी घुसने से दाने अंकुरित होने और कई जगह फसल सड़ने का खतरा मंडरा रहा है। जिन किसानों ने अभी फसल नहीं काटी है, उनकी खड़ी फसल को कम नुकसान होगा। लेकिन मौसम में अगर जल्दी सुधार नहीं हुआ, तो किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या आ सकती है। सिसवां के किसान गोरख ने बताया कि दस दिन से हम दिन-रात खेतों में लगे थे। अब जब आधी से अधिक फसल कट चुकी थी, तभी बारिश ने सब बर्बाद कर दिया। एक-एक दाने के लिए हमने बहुत मेहनत की है। अगर मौसम जल्द नहीं सुधरा तो अनाज का संकट झेलना पड़ सकता है।
नौतन प्रखंड के कई गांवों जैसे जगदीशपुर, बसदेवा, कादिरचक, मुरारपट्टी आदि में भी यही स्थिति है। इस मौसम की मार से नौतन प्रखंड के सैकड़ों किसान परिवारों की चिंता बढ़ गई है। तैयार फसल के नुकसान ने उन्हें गहरे दुख और आर्थिक संकट में डाल दिया है।












