थावे मंदिर में चैत्र नवरात्र की तैयारी तेज: मंदिर परिसर में अगरबत्ती जलाने और गाड़ियों की एंट्री पर रहेगा बैन।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। आगामी चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। सदर एसडीओ अनिल कुमार की अध्यक्षता में न्यास समिति और स्थानीय दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कई कड़े और जरूरी निर्णय लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिसर में व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। जैसे की पेयजल और स्वच्छता: शुद्ध पेयजल के लिए नए चापाकल और टैंकरों की व्यवस्था होगी। साथ ही पर्याप्त संख्या में अस्थायी स्नानघर और शौचालय बनाए जाएंगे। बिजली: पूरे मंदिर क्षेत्र और पहुंच मार्गों पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस बार मंदिर प्रशासन ने कुछ सख्त कदम उठाए हैं, जिनका उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है जैसे अगरबत्ती पर प्रतिबंध: मंदिर की दीवारों और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए परिसर में अगरबत्ती जलाने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। दुकानदार भी इसकी बिक्री नहीं कर सकेंगे। नो व्हीकल ज़ोन: मंदिर परिसर के भीतर बाइक और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इससे श्रद्धालुओं को पैदल चलने में आसानी होगी और जाम की स्थिति नहीं बनेगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए बैठक में डीएसपी विजय कुमार, एसडीपीओ प्रांजल कुमार, बीडीओ अजय प्रकाश राय और थानाध्यक्ष विभा कुमारी सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










