गोपालगंज के प्रकाश पाण्डेय ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव चेन्नई में जीता स्वर्ण पदक
गोपालगंज। उचकागांव प्रखंड के ग्राम सांखे खास निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषी ध्रुवदेव पाण्डेय के पुत्र प्रकाश पांडे ने एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज, चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में बाग्मिता (हिंदी भाषण) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
उल्लेखनीय है कि एआईयू द्वारा आयोजित इस युवा महोत्सव में जोन स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर देशभर के लगभग 400 विश्वविद्यालयों की सहभागिता होती है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रकाश पाण्डेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रकाश पाण्डेय का चयन पहले अपने विश्वविद्यालय स्तर पर सभी विभागों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद हुआ। इसके पश्चात उन्होंने नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल में अपने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए स्थान बनाया। राष्ट्रीय स्तर पर देश के आठों जोन के विश्वविद्यालयों की सहभागिता के बीच उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, भटिंडा से एलएलएम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पूर्व भी वे कई राष्ट्रीय स्तर की डिबेट एवं प्रतियोगिताओं में गोपालगंज तथा बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
प्रकाश की इस उपलब्धि पर पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं उनकी सफलता से उनके गांव सांखे खास, उचकागांव प्रखंड तथा पूरे गोपालगंज जिले में खुशी की लहर है। इस अवसर पर उनके चाचा दिनेश पाण्डेय, आशुतोष पाण्डेय सहित ग्रामीणों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










