राइफल क्लब मैदान की नीलामी को लेकर सियासी घमासान, सपाइयों व जेडीयू ने जताया तीखा विरोध
बांदा जनपद के ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को विकास प्राधिकरण द्वारा नीलाम किए जाने की तैयारी के विरोध में सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी और जेडीयू के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इस फैसले को जनहित के खिलाफ बताते हुए कड़ा आक्रोश जताया है।
नेताओं का आरोप है कि जनपद के इस ऐतिहासिक खेल मैदान पर अब बांदा के माफिया और विकास प्राधिकरण की नजर टिकी हुई है। यही मैदान कभी हॉकी के जादूगर से लेकर देश के नामी खिलाड़ियों का गवाह रहा है, जहां खिलाड़ियों ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इतना ही नहीं, जनपद की कई ऐतिहासिक, प्रदेशीय और राष्ट्रीय रैलियों की शुरुआत भी इसी मैदान से हुई है।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि इस खेल मैदान की नीलामी की गई तो खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए भारी परेशानी खड़ी हो जाएगी। साथ ही चुनावी रैलियों, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी गंभीर असर पड़ेगा।
इसी को लेकर आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि राइफल क्लब मैदान की नीलामी की प्रक्रिया को तत्काल नहीं रोका गया, तो बड़े स्तर पर जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।
फिलहाल यह मामला बांदा शहर स्थित राइफल क्लब मैदान से जुड़ा है, जिसको लेकर पूरे जनपद में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।












