सरस्वती पूजा को लेकर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने विभिन्न गावो में किया बैठक
कटेया :-आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कटेया थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों एवं पूजा समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूजा के दौरान डीजे व आर्केस्ट्रा का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने पूजा समितियों को निर्देशित किया कि पूजा धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप हो तथा किसी भी प्रकार की अशांति, शोर-शराबा या आपत्तिजनक गतिविधि न होने पाए।
कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना थाना को देने की अपील की।
आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक में मौजूद ग्रामीणों और पूजा समितियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजन कराने का संकल्प लिया।
पुलिस प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सरस्वती पूजा को लेकर शांति और अनुशासन का माहौल बना हुआ है, जिससे पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।












