कटेया में सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

कटेया थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कटेया पुलिस द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च कटेया थाना परिसर से प्रारंभ होकर शिव मंदिर चौक होते हुए पकहा मोड़ बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए पूरे थाना क्षेत्र में किया गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता एवं कटेया थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे आमजन में सुरक्षा का संदेश गया और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरस्वती पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के संकेत दिए और स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से सराहनीय कदम बताया।












