गोपालगंज: बिजली विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 15 लोगों से लगभग 30 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले को लेकर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को बिजली विभाग का एसडीओ बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। इसी झांसे में आकर कई लोगों ने उससे पैसे दे दिए। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब लोगों को ठगी का एहसास हुआ।
इस मामले में पीड़िता स्नेहा श्री गौतम के आवेदन पर नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगी करने वाला आरोपी करण सिंह है, जो पीड़िता की सहेली का पति बताया जा रहा है। आरोपी ने इसी पहचान का फायदा उठाकर लोगों का भरोसा जीता और उनसे पैसे ऐंठ लिए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की सघन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।










