पुलिस ने दो महिला तस्करों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय पुलिस ने सूचना के आधार दो अलग-अलग घरों में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिलाओं ने अपने-अपने घर में छिपाकर शराब की तस्करी कर रही थी। थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव में दो अलग-अलग घरों में दो महिलाओं द्वारा अपने ही घरों में छुपा कर बिक्री करने के लिए भारी मात्रा में शराब रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला पुलिस बल के साथ छापेमारी की। इस दौरान महिला पुलिस बल ने दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए उनके घरों की तलाशी ली, जिसमें दोनों घरों से 339 लीटर देशी शराब बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस द्वारा महिला तस्करों को गिरफ्तार कर बरामद शराब के साथ थाने ले जाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिलाएं नरकटिया गांव निवासी गायत्री देवी तथा रिंकी देवी हैं, जिनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












