बोखड़ा थाना क्षेत्र में हथियार के साथ मुखिया पुत्र का फोटो वायरल, जांच में जुटी पुलिस, होगी सख्त कार्रवाई
डॉ.राहुल कुमार द्विवेदी ,सीतामढ़ी।
ज़िले के बोखड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़का बसंत उत्तरी पंचायत से जुड़ा एक मामला इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पंचायत की मुखिया सह नया टोल निवासी राजकुमारी देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि छोटेलाल राय के पुत्र अमन कुमार यादव का कथित तौर पर हाथ में हथियार लिए हुए फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल तस्वीर में युवक हथियार के साथ दो तीन युवक दोस्तों के साथ भौकाल टाइट करते हुए नजर आ रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक का व्यवहार पूर्व से ही क्षेत्र में चर्चा में रहा है। हथियार के साथ फोटो वायरल होने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या युवक को पुलिस और कानून का कोई भय नहीं है। हालांकि यह फोटो नया है या पुराना, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए स्थानीय बोखड़ा थाना पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। वायरल फोटो की सत्यता की पुष्टि हेतु दैनिक उजाला ब्यूरो द्वारा बोखड़ा थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार से उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हमें भी उक्त फोटो की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। फोटो की सत्यता और समय-सीमा की पुष्टि होते ही संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी और विधि-सम्मत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि हथियार के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर इस तरह की तस्वीरें साझा करना कानूनन अपराध है। यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि युवक ने अवैध हथियार का प्रदर्शन किया है या कानून का उल्लंघन किया है, तो उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। इधर, स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक बुद्धिजीवियों ने भी इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े लोगों द्वारा यदि कानून की अवहेलना की जाती है, तो इसका समाज पर गलत संदेश जाता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की हरकतों पर रोक लग सके। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल फोटो कब की है, हथियार वैध है या अवैध, तथा पूरे मामले में किस स्तर तक कानून का उल्लंघन हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोष सिद्ध होने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। सोशल मीडिया पर वायरल मुखिया पुत्र का फोटो की सत्यता की पुष्टि हमारा अख़बार नहीं करती हैं।












