सरस्वती पूजा को लेकर विजयीपुर थाना में शांति समिति की बैठक,
डीजे–आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध
विजयीपुर (गोपालगंज)।
आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विजयीपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने की।
बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान क्षेत्र में स्थापित होने वाली सभी पूजा समितियों के लिए थाना से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति पूजा पंडाल या कार्यक्रम आयोजित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डीजे एवं आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की अशांति, भड़काऊ गतिविधि, हुड़दंग या सामाजिक सौंदर्य को बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने पूजा समितियों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पूजा संपन्न कराएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद करें। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।












