कोरेयां मैदान में फुटबॉल का जुनून: ऑल इंडिया बच्चा राय–उपेन्द्र राय मेमोरियल टूर्नामेंट 2026 का शानदार आगाज़
गोपालगंज: कोरेयां खेल मैदान में रविवार को ऑल इंडिया बच्चा राय–उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का धमाकेदार आगाज़ हुआ। उद्घाटन मुकाबला सीवान यूनाइटेड और बनारस यूथ एसोसिएशन के बीच खेला गया, जिसमें सीवान की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 2–1 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में जिम्बाब्वे से आए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का खासा उत्साह बढ़ा दिया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि हेमकांतशरण देवाचार्य जी महाराज, पूर्व मुखिया यतींद्रनाथ तिवारी और पूर्व विधायिका किरण राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैदान में हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने दोनों टीमों का जोरदार उत्साहवर्धन किया।
मैच की शुरुआत से ही विदेशी खिलाड़ियों से सुसज्जित सीवान की टीम आक्रामक अंदाज में दिखी। हालांकि पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं और मध्यांतर तक स्कोर 0–0 रहा।
दूसरे हाफ में खेल का रोमांच चरम पर पहुंच गया। 59वें मिनट में सीवान के खिलाड़ी भरत ने शानदार गोल कर टीम को 1–0 की बढ़त दिलाई। इसके महज दो मिनट बाद जिम्बाब्वे से आए खिलाड़ी डैनी ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2–0 कर दिया। इसके बाद बनारस यूथ एसोसिएशन के कप्तान कामरान ने गोल कर मुकाबले को 2–1 तक पहुंचा दिया और मैच में रोमांच बना दिया।
मुकाबले के दौरान बनारस टीम के फराज और पीटर को रेफरी द्वारा येलो कार्ड भी दिखाया गया। अंतिम समय तक दोनों टीमों ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन सीवान की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे बनारस सफल नहीं हो सका और मैच 2–1 से सीवान के नाम रहा।
टूर्नामेंट का अगला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मंगलवार को देवरिया और बक्सर के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर मुखिया राजीव कुमार तिवारी उर्फ गाम्हा बाबा, गौरीशंकर चौबे, शैलेन्द्र शेखर मिश्रा, विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुखिया संघ अध्यक्ष भोरे मोहन सिंह, हरिकेश चौहान, डब्लू मिश्रा, सुरेश यादव, श्रवण यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मैच के रेफरी मनीष कुमार और दिनेश कुमार गुप्ता रहे, जबकि थर्ड रेफरी राहुल कुमार ने मुकाबले को निष्पक्ष और रोमांचक बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। स्कोरर विशाल कुमार और ऑब्जर्वर धर्मनाथ यादव के योगदान की भी सराहना की गई।
कोरेयां मैदान में खेले गए इस मुकाबले ने स्थानीय खेल प्रेमियों में फुटबॉल के प्रति जबरदस्त उत्साह जगा दिया और टूर्नामेंट की शुरुआत ही रोमांच से भर दी।










