होमगार्ड के नवप्रशिक्षित जवानों की पासिंग आउट परेड संपन्न, एसपी ने दिलाई सेवा की शपथ।
गोपालगंज।। स्थानीय पुलिस लाइन के परेड मैदान में गुरुवार को होमगार्ड के नवप्रशिक्षित जवानों का पासिंग आउट परेड (POP) समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण की कठिन अवधि पूरी करने के बाद ये जवान अब आधिकारिक रूप से समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए तैयार है।समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश दीक्षित ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान पुलिस लाइन का माहौल देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया।परेड के उपरांत एसपी अवधेश दीक्षित ने सभी नवप्रशिक्षित जवानों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि: ”वर्दी पहनने के साथ ही आप पर समाज की सुरक्षा और सेवा की बड़ी जिम्मेदारी आ जाती है। अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना ही एक सैनिक की असली पहचान है।” एसपी ने जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें संदेश दिया कि वे राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि पुलिस और होमगार्ड के जवान कंधे से कंधा मिलाकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और उम्मीद है कि ये नए जवान विभाग की प्रतिष्ठा को और बढ़ाएंगे।












